बनबसा (चंपावत)। ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस ने नेपाली किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द करने के लिए नेपाल पुलिस की मौजूदगी में नेपाली संस्था को सौंप दिया। पुलिस को किशोरी लावारिस हालत में बनबसा में घूमती मिली थी। किशोरी पंजाब में अपने माता-पिता के साथ रहती है और घर पर बिना बताए बनबसा आ गई थी।
पुलिस कर्मियों ने 14 वर्षीय किशोरी को लावारिस हालत में बनबसा बस अड्डे के पास देखा। पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आए। थाने में महिला सेल प्रभारी एसआई राधिका भंडारी, एचसी गीता कन्याल, कांस्टेबल रश्मि ने किशोरी से पूछताछ की तो उसने पंजाब से भागकर आना बताया। पंजाब में उसके माता-पिता काम करते हैं, लेकिन वह पंजाब का पता और अपने पिता का मोबाइल नंबर नहीं बता पा रही थी।
थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि किशोरी नेपाल के डोटी जिले की रहने वाली है। उसका नेपाल का पता मिलने पर उसे नेपाल के गड्डाचौकी थाने की महिला जवान निर्मला कुंवर की मौजूदगी में महिला उत्थान में लगी नेपाली संस्था माइते की लक्ष्मी कुंवर के सुपुर्द कर दिया। संस्था उक्त किशोरी को उसके नेपाल स्थित परिजनों के सुपुर्द करेगी।