टनकपुर (चंपावत)। प्रदेश में सत्ता बदले हुए आठ माह का समय बीत चुका हैं, लेकिन विभागों की कार्यशैली में अब तक कोई बदलाव नहीं आया है। जनसमस्याओं के प्रति विभागों का रवैया पहले जैसा ही बना हुआ है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शहर में राजाराम चौराहे से खच्चर पड़ाव तक सीवर लाइन बीते चार माह से चोक पड़ी है। घरों के गंदे पानी की निकासी बंद पड़ी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग के नुमाइंदों से इससे कोई सरोकार नहीं है। विभाग के नुमाइंदों से गुहार लगाते थक चुके लोगों ने अब विधायक कैलाश गहतोड़ी से लाइन दुरुस्त कराने का आग्रह किया है।
शहर में सीवर लाइन की सुविधा सिर्फ राजाराम चौराहे से खच्चर पड़ाव तक हैं। 1975 में निर्मित इस सीवर लाइन का रख-रखाव जलसंस्थान द्वारा किया जाता है। करीब चालीस घरों के गंदे पानी की निकासी इस सीवर लाइन में होती है, लेकिन नियमित रख-रखाव एवं मरम्मत न होने से लाइन दिनोंदिन क्षतिग्रस्त हो रही है। लोक अधिकार मंच के अध्यक्ष मो. याकूब अंसारी के मुताबिक पिछले चार माह से सीवर लाइन चोक पड़ी है। वहीं लाइन के दो मेन होल भी भारी वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। लाइन के ऊपर सड़क धंसती जा रही है, जिससे आसपास के घरों में जानमाल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारियों से कई बार मौखिक एवं लिखित गुहार लगाई गई, लेकिन सीवर लाइन ठीक नहीं हुई। उन्होंने बताया कि अब विधायक को ज्ञापन भेजकर सीवर लाइन दुरुस्त कराने का आग्रह किया गया है।