टनकपुर (चंपावत)। शिव सैनिकों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए पुलिस से घटनाओं पर अंकुश लगाने को प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने क्षेत्र में जड़े जमा रहे मादक पदार्थों के कारोबार पर भी अंकुश लगाने की वकालत की है। नगर अध्यक्ष महेश शर्मा के आवास पर जिला महासचिव राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिव सेना कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। दो माह के अंदर चोरी की चार घटनाएं हो चुकी है, लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर पाई है। उन्होंने क्षेत्र में फैल रहे नशे के कारोबार पर भी गहरी चिंता जताते हुए पुलिस से शीघ्र कारगर कदम उठाने का आग्रह किया है। बैठक में नगर महासचिव हरीश राय, जिलाध्यक्ष गुड्डू ठाकुर, मुकेश, भुवन जोशी, अनिल भट्ट, संजय राय, कौशल, दीपक राय, राजू कश्यप आदि मौजूद थे।