बनबसा (चंपावत)। ग्राम स्वराज अभियान के तहत अंबेडकर ग्राम फागपुर में किसान कल्याण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें वर्ष-2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने संबंधी विषय पर चर्चा हुई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत और वैज्ञानिक खेती के साथ ही आय बढ़ाने के तरीके बताए। इस मौके पर उत्कृष्ट कृषि कार्य करने वाले तीन किसानों ललित जोशी, दीवानी राम, हयात सिंह को कृषि विभाग द्वारा पुरस्कृत कर प्रमाण पत्र दिए गए।
बुधवार को फागपुर प्राथमिक स्कूल प्रांगण में प्रधान गीता देवी की अध्यक्षता और मुख्य कृषि अधिकारी सुरेंद्र कुमार के संचालन में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद ने किया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय चौधरी ने उन्नत बीजों का चयन करने, मृदा परीक्षण कराने, उन्नत खाद का प्रयोग करने जैसी जानकारियों के अलावा कैशक्राप लगाने के उपाय बताए। मुख्य पशु अधिकारी डॉ. बीएस जंगपांगी ने किसानों को खेती के अलावा पशुपालन और डेरी से होने वाले लाभों की जानकारी दी।
उद्यान विभाग ने बागानों के महत्व के बारे बताया। इस दौरान तीन किसानों को सहकारिता विभाग द्वारा दो प्रतिशत ब्याज पर एक-एक लाख के लोन चेक दिए गए। कार्यशाला में सहायक कृषि अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी, बचीराम पांडेय, डीपी वर्मा, साधन सहकारी समिति सचिव दीनानाथ वर्मा, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक मीरा जोशी आदि ने सहयोग दिया। कार्यशाला में कृषि, उद्यान और पशुपालन विभागों ने अपने स्टाल भी लगाए थे।
स्वांला में भी कार्यशाला हुई
चंपावत। ग्राम स्वराज अभियान के तहत बुधवार को किसान कल्याण दिवस मनाया गया। इसके तहत न्याय पंचायत स्वांला में किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गईं। विभिन्न विभागीय अधिकारियों द्वारा किसानों की आय दुगना करने की विभागीय प्रयासों ओर कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
सहकारिता विभाग द्वारा 20 किसानों को विभिन्न उद्देश्यों के लिए 17 लाख रुपये के दीनदयाल सहकारिता किसान कल्याण योजना के चेक बांटे गए। भीम दत्त की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में इंद्रदेव भट्ट, न्यायपंचायत प्रभारी अंशुल गुप्ता, तुलसी दत्त भट्ट, सचिव कोट अमोड़ी दीपक भट्ट, नवीन जोशी, गिरीश चंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे। संचालन सहकारिता विभाग के विक्रम चंद ने किया।