बनबसा (चंपावत)। पुलिस के हेड कांस्टेबल ईश्वरी दत्त शर्मा ने नेपाल के महेंद्रनगर की रहने वाली गीता देवी का गिरा पड़ा मिला पर्स लौटा दिया। गीता देवी मंगलवार को परिजनों के साथ बनबसा खरीदारी को आई थी। बनबसा पहुंचने पर जब उसने अपना पर्स नहीं देखा तो वह पर्स खोजते हुए शारदा बैराज पहुंची। इससे पहले महिला का पर्स शारदा बैराज के निकट गिर गया था जो बैराज पर तैनात एचसी ईश्वरी दत्त शर्मा को मिल गया था।
उन्होंने पर्स बैराज चौकी में जमा करा दिया था। पुलिस को जब पर्स की तलाश कर रही महिला के बारे में पता चला तो उन्होंने महिला को बुलाकर पर्स की पहचान बताने को कहा। पहचान बताने पर कांस्टेबल जीवन चंद, हरीश, तनवीर आलम, गोताखोर जीवन और महिला कांस्टेबल कमला की मौजूदगी में महिला को उसका पर्स सौंप दिया। बैराज चौकी प्रभारी एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत ने बताया कि पर्स में नेपाली महिला का सैमसंग का करीब बीस हजार रुपये का मोबाइल और कुछ नकदी थी।