चंपावत। नगरपालिका की ओर से ललुवापानी रोड में बनाए गए अस्थाई ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर में लगी आग तमाम प्रयासों के बाद भी बुझ नहीं पा रही है। नगरपालिका ने मंगलवार को भी ट्रंचिंग ग्राउंड में पानी के छिड़काव के साथ ही मिट्टी डालने का प्रयास भी किया। लेकिन तेज हवा के कारण आग बुझ नहीं पाई, जिस कारण पालीथिन के जहरीले धुएं की वजह से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि अस्थाई ट्रंचिंग ग्राउंड में बीते एक पखवाड़े से आग लगने का सिलसिला जारी है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार का कहना है कि पालिका की ओर से लगातार आग पर काबू पाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।