चंपावत। परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण एचजी भट्ट ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्या निवारण शिविर में प्राप्त शिकायतों का समय से समाधान करने के साथ ही शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई से अवगत कराएं। उन्होंने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में प्राप्त दो समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
भैरवां निवासी पूर्व पटवारी देवीदत्त भट्ट ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल का भुगतान न होने और जाख जिंडी की वार्ड सदस्य आशा देवी ने ग्राम प्रधान के कार्यों की जांच कराने की शिकायतें दर्ज कराई। जिस पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जीसी पांडेय ने बताया कि वर्तमान में चिकित्सा प्रतिपूर्ति में बजट उपलब्ध नहीं है, बजट की प्राप्ति होते ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जाएगा।
डीडीओ आरसी तिवारी ने बताया कि जाख जिंडी ग्राम पंचायत में शिकायतकर्ता की ओर से ग्राम प्रधान के कार्यों की जांच के लिए शपथ पत्र प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान की जांच के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी अधिकृत होते हैं, इसलिए जांच डीपीआरो द्वारा की जाएगी। परियोजना निदेशक ने जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्राम प्रधान के कार्यों की जांच के आदेश दिए हैं। वहां पर सीईओ आरसी पुरोहित, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत राजेश कुमार, ईई जल संस्थान अशोक कुमार, ईई जल निगम एचसी भारती, राजेश मौर्या, अवधेश राम, जीबी जोशी, खेल अधिकारी आरएस धामी, ग्रामोद्योग अधिकारी एनसी कोठारी आदि थे।