चंपावत। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत बनने वाली तीन सड़कों के टेंडर निरस्त हो गए हैं। विभाग ने तकनीकी कारणों से इन सड़कों की निविदा को निरस्त किया है।
सिप्टी-अमकड़िया मोटर मार्ग, टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग में चल्थी से सिलाड़ तक और धौन-दियूरी से बजौन तक के मोटर मार्ग के पिछले महीने निविदा हुई थी। पीएमजीएसवाई के चंपावत खंड के अधिशासी अधिकारी अरविंद वर्मन का कहना है कि विभाग ने इन सड़कों की निविदा को तकनीकी कारणों से निरस्त कर दिया है। इन कारणों को दूर करने के बाद जल्द ही नई निविदाएं जारी की जाएंगी।
14.15 किलोमीटर लंबी सिप्टी-अमकड़िया सड़क की कटिंग 826.21 लाख रुपये में, 3.15 किमी के सिलाड़ मोटर मार्ग की कटिंग 190.58 लाख और 13.40 किलोमीटर लंबा बजौन मोटर मार्ग 907.92 लाख रुपये से होगी। इन सड़कों को ग्रामीण लंबे समय से संघर्ष करते रहे थे। निविदा निरस्त होने से सड़क विहीन इन इलाकों के लोगों में मायूसी है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक दशक से अधिक वक्त से लगातार आवाज उठाने के बाद वन अनापत्ति सहित तमाम बाधाएं दूर हुई। और अब निविदा होने के बाद इसके निरस्त होने से लोग सड़क को लेकर आशंकित हैं। नागरिकों ने जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर सड़क की कटिंग का काम जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की है।