टनकपुर (चंपावत)। सोमवार को महाशिवरात्रि पर्व के चलते क्षेत्र का वातावरण शिवमय हो गया है। महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तैयारी की जा रही है। शिवभक्तों की चहलकदमी से क्षेत्र में चारों तरफ शिवमय वातावरण बना रहा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए शारदा से जल लेने आए कांवड़ियों की भीड़ से रविवार को शारदा स्नानघाट पर खासी चहल-पहल बनी रही। खटीमा से आए जय श्री महाकाल महाराज शिवशक्ति कांवड़ समिति के दर्जनों शिवभक्तों की टोली शारदा से जल लेकर हरहर महादेव के गगनभेदी उद्घोषों के साथ पैदल खटीमा रवाना हुई। इधर छीनीगोठ में महाशिवरात्रि महोत्सव के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
सोमवार को महोत्सव का शुभारंभ होगा। पड़ोसी देश नेपाल के खल्ला में स्थित बाबा सिद्धनाथ के प्राचीन मंदिर में भी मेले के आयोजन की तैयारी की गई है। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कलश में शारदा का जल लेने रविवार को भी दूर-दराज से शिवभक्तों की टोलियां यहां पहुंची। खटीमा के कांवड़ियों का बड़ा दल भक्तिगीतों पर थिरकते रविवार सुबह शारदा स्नानघाट पहुंचा और कलश में जल लेकर खटीमा को पैदल रवाना हुआ। नेपाल के खल्ला स्थित बाबा सिद्धनाथ के प्राचीन मंदिर के पुजारी पं. देवेंद्र कलौनी ने बताया कि दो दिन तक चलने वाले इस मेले में हर साल भारी संख्या में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ती है।