चंपावत। जिले में चंपावत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ इस माह गंगा गाय महिला डेरी योजना के अंतर्गत दुग्ध समितियों के 65 सदस्यों को लाभान्वित करेगा। दुग्ध संघ अध्यक्ष पार्वती जोशी ने बताया कि योजना का मकसद दुग्ध समितियों के सदस्यों को अच्छी नस्ल की गायों को मैदानी क्षेत्रों से लाने में मदद कर दुग्ध उत्पादन में बढ़ोतरी करना है। 5 सितंबर 2015 से शुरू गंगा गाय महिला डेरी योजना में 2018-19 के अंतर्गत 65 लोगों को दुग्ध संघ लाभान्वित करेगा। इसके तहत एक गाय के लिए 52 हजार का प्रोजेक्ट है।
इसमें पांच हजार रुपये दुग्ध समिति की महिला सदस्यों को लगाने पड़ेंगे। गंगा गाय महिला डेरी योजना में गरीब, विधवा महिला को वरीयता दी जाएगी। मौजूदा वित्त वर्ष के आखिरी महीने में ये धनराशि मिल जाएगी। इसके लिए दुग्ध संघ लाभार्थियों की सूची को अंतिम रूप देने में जुट गया है।
गाय का 960 रुपये से होगा बीमा
दुग्ध संघ के प्रबंधक राजेश मेहता ने बताया कि गंगा गाय महिला डेरी योजना में 960 रुपये का गाय का बीमा भी किया जाएगा। इस दौरान गाय की मौत होने पर लाभार्थियों को नुकसान की भरपाई की जाएगी।
गंगा गाय योजना की खास बातें
27 हजार रुपये का अनुदान।
बैंक से 20 हजार रुपये के कर्ज की सुविधा।
5 हजार रुपये का अंशदान लाभार्थी का।