चंपावत। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने आगामी लोकसभा चुनाव में दिव्यांगजनों को शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में डोली, मैदानी क्षेत्रों में व्हील चेयर की सुविधा देने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं में से सभी तहसीलों में पांच ब्रांड एंबेसडर और उनमें से एक जिला आइकॉन का चयन करने को कहा।
उन्होंने दिव्यांगजनों के नाम शतप्रतिशत मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने और शिविरों का आयोजन करने के निर्देश भी दिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डीडी आर्या ने बताया कि जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 17 कम देखने वाले दिव्यांग, दो कम सुनने वाले, 247 लकवाग्रस्त, 859 अन्य दिव्यांग चिह्नित हैं जिस पर डीएम ने अवशेष पेंशनधारी दिव्यांगजनों का दिव्यांगता के प्रकार, फोटो पहचान पत्र नंबर सहित सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।