रीठा साहिब (चंपावत)। रीठा साहिब गुरुद्वारे में बुधवार को लगे बहुउद्देश्यीय शिविर में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी, बिजली, आवास, पेंशन और आर्थिक सहायता की मांग सहित 39 लोगों की समस्याएं सुनी गईं। लंबे समय से कार्ड को तरस रहे सरदार मेहर सिंह (75) का मौके पर राशनकार्ड बना। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने समस्याओं को एक सप्ताह के भीतर हल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, बिजली, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, मंडी समिति आदि के स्टॉलों से 261 लोग लाभान्वित हुए। रीठा साहिब-रमक सड़क में डामरीकरण, अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती, स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती, सार्वजनिक शौचालय में पर्यावरण मित्र, राशनकार्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई। डीएम ने पीएमजीएसवाई और लोनिवि को सड़कों पर डामरीकरण के आगणन शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों की तैनाती होने तक स्कूलों में वैकल्पिक उपाय करने की हिदायत दी। शिविर में सीडीओ एसएस बिष्ट, डीएसओ केके अग्रवाल सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।
317 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ
चिकित्सा शिविर में 317 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। मरीजों को निशुल्क दवाइयां बांटी गई। इसके अलावा 44 लोगों की खून की जांच हुई। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। छह दिव्यांगों के प्रमाण पत्र बने। पशुपालन विभाग ने 20 मवेशियों का इलाज कर दवाएं दी।