चंपावत। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जीआईसी में कक्षा नौ में अध्ययनरत छात्रों के 26 सदस्यीय दल ने सुंई स्थित कृषि विज्ञान केंद्र और वाणासुर के किले का शैक्षिक भ्रमण किया। वहीं जीआईसी दियूरी के छात्र-छात्राओं ने बनबसा में एनएचपीसी के पावर हाउस का भ्रमण किया।
जीआईसी चंपावत के सुरेश राम आर्या एवं डीएन भट्ट के नेतृत्व में गए बच्चों ने कृषि विज्ञान केंद्र में नई तकनीक से की जा रही खेती के प्रयोगों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने वर्षा जल संग्रह के उपायों के साथ फल और सब्जी उत्पादन को देखा। उसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक वाणासुर के किले के बारे में जानकारी हासिल की। उधर, जीआईसी दियूरी में कक्षा नौ और 12 वीं के विज्ञान वर्ग के 22 छात्र-छात्राओं ने बनबसा पहुंच एनएचपीसी में बिजली उत्पादन के बारे में जानकारी हासिल की।
छात्र रोहित कुमार, चंद्रशेखर जोशी और राहुल सिंह ने बताया कि पावर हाउस में तीन टरबाइन हैं तथा यहां उत्पादित बिजली का वितरण उत्तराखंड, बरेली और पड़ोसी देश नेपाल को होता है। भ्रमण दल का नेतृत्व प्रवीण सिंह, हेम चंद्र, शंकर दत्त जोशी, गिरीश चंद्र पांडेय, नंदी डांगी, कुमार सोनम ने किया।