बनबसा (चंपावत)। अंतरराष्ट्रीय मैत्री दिवस पर एसएसबी 57वीं वाहिनी की ओर से आयोजित भारत-नेपाल मैत्री दौड़ रविवार सात बजे शुरू होगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दौड़ में एसएसबी के बड़े अधिकारियों (आईजी, डीआईजी) के अलावा नेपाल के सीडीओ (जिलाधिकारी) और एपीएफ के बड़े अधिकारी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मैत्री दिवस पर 5 अगस्त की सुबह सात बजे अर्ध मैराथन का शुभारंभ किया जाएगा। दौड़ के प्रमुख मेजबान एसएसबी 57 वीं वाहिनी इ कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट सागर जोशी ने बताया कि मैत्री दौड़ की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इ कंपनी के अधिकारियों और कर्मियों ने दौड़ मार्ग को ठीक करने के साथ ही उसका जायजा भी लिया। तैयारियों को लेकर बनाई गई विभिन्न कमेटियों ने दौड़ तैयारियों के तहत पूर्वाभ्यास भी किया।
असिस्टेंट कमांडेंट ने बताया कि दौड़ समापन के उपरांत दौड़ में प्रतिभाग करने वाले भारतीय और नेपाली धावकों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। इसमें भारत के अलावा नेपाली कलाकार भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। दौड़ के उपरांत विजेता प्रतिभागी महिला पुरुष धावकों को नकद राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा। मैत्री दौड़ में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को करीब 21.097 किमी. की दूरी तय करनी होगी। दौड़ बनबसा स्थित एसएसबी 57वीं वाहिनी इ कंपनी चेकपोस्ट से शुरू होगी जो भारत-नेपाल पिलर संख्या सात से नेपाल के गड्डा चौकी से होते हुए नेपाली मार्ग से टनकपुर बैराज होते हुए एनएचपीसी पावर चैनल के रास्ते बनबसा चेकपोस्ट पर संपन्न होगी।