लोहाघाट (चंपावत)। छमनियांचौड़ स्थित राजीव नवोदय विद्यालय की 27 छात्र-छात्राएं बृहस्पतिवार शाम अचानक बीमार हो गईं। आनन-फानन उपजिला अस्पताल लोहाघाट से स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाया गया। इलाज के बाद अब विद्यार्थियों की हालत में सुधार है।
प्रभारी प्रधानाचार्य रामकुमार मिश्र ने बताया कि अचानक छात्र-छात्राओं को सिर दर्द, उल्टी, दस्त, पेट दर्द आदि समस्या होने लगी। तुरंत इसकी सूचना सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल को दी गई। इसके बाद उपजिला अस्पताल से प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने डॉ. करन, डॉ. रतिरंजन सरकार, स्टाफ नर्स शिल्पी, पुष्पा, वार्ड बॉय भाष्कर को विद्यालय में भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्र-छात्राओं का उपचार कर दवाएं दीं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज ने बताया कि विद्यार्थियों का अचानक बीमार होना दूषित पानी और भोजन की समस्या हो सकती है। उधर, प्राचार्य राम कुमार मिश्र ने बताया कि ठंडे फल खाने से समस्या हुई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ छात्राओं में दैवीय प्रकोप जैसा भी महसूस हो रहा था। अब सभी छात्र-छात्राएं सामान्य हैं। उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
यह भी जानें
-इस विद्यालय में 264 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जो 27 विद्यार्थी बीमार हुए उनमें 24 छात्राएं और तीन छात्र शामिल हैं।
-बीमार बच्चों में छठी से 12वीं तक के बच्चे शामिल हैं। छात्राएं चिल्ला रही थीं और बेहोश हो रही थीं।
-प्रधानाचार्य का कहना है कि दूषित भोजन का आरोप निराधार है। जिस मैस में ये बच्चे खाना खाते हैं प्रधानाचार्य सहित 12 लोगों स्टाफ भी वही भोजन करता है।
कोट
नवोदय विद्यालय में मैस में काफी अनियमितताएं हैं। विद्यालय में मैस के अलावा छात्रावासों में आरओ या वाटर फिल्टर आदि भी नहीं है। बच्चों को शुद्ध पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अव्यवस्थाओं का मामला विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में उठाया जाएगा।
-आनंद सिंह अधिकारी, पीटीए अध्यक्ष राजीव नवोदय विद्यालय लोहाघाट