चंपावत। स्टेट बैक उपभोक्ताओं को अब एटीएम और स्वैप मशीन से ही जमा अथवा निकासी करनी पड़ेगी। अब केवल अंगूठा छाप उपभोक्ताओं को ही पर्ची से धनराशि निकालने और जमा करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए बैंक की मुख्य शाखा के अंदर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। सभी खाताधारकों को एटीएम बनाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
चंपावत स्टेट बैंक में वर्तमान में 20 हजार से अधिक खाताधारक हैं। इसमें से दस हजार उपभोक्ता एटीएम धारक और दो हजार उपभोक्ता अंगूठा छाप और लगभग पांच हजार खाताधारकों के पास एटीएम कार्ड नहीं है। जिन खाताधारकों के पास एटीएम कार्ड नहीं है, ऐसे खातेधारकों को एटीएम कार्ड बनाने के लिए बैंक के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।
स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक एनआर जौहरी नेे बताया कि एटीएम धारकों को अब एटीएम और स्वैप मशीन से ही जमा और निकासी करनी पड़ेगी। इसके लिए बैंक में नोटिस चस्पा कर दिया है। उन्होंने कहा कि बैंक में भीड़ भाड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
नए एटीएम के लिए करना होगा रजिस्ट्रेशन
चंपावत। भारतीय स्टेट बैंक ने खातेधारकों के पुराने एटीएम कार्ड को बदलकर नए एटीएम देने का निर्णय लिया है। खातेधारकों को अब नए एटीएम चिप के साथ मिलेगा। इसके लिए खातेधारक का 31 दिसंबर तक नए एटीएम के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा।