टनकपुर (चंपावत)।
कुछ दिनों शांत रहने के बाद एक बार फिर पूर्णागिरि मार्ग से सटे गांवों में हाथियों ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार रात गैंड़ाखाली नंबर तीन के ग्रामीणों को पूरी रात जागकर काटनी पड़ी। हाथियों ने गांव में खेत में घुसकर दो किसानों की गेहूं की पकी फसल रौंदकर नष्ट कर दी। पटाखे दागकर एवं शोर मचाकर ग्रामीणों ने हाथियों को भगाया। इधर, मां पूर्णागिरि मेले में आ-जा रहे श्रद्धालुओं के लिए हाथी खतरा बन गए हैं। प्रशासन ने वन विभाग को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।
शुक्रवार रात गैंड़ाखाली नंबर तीन में गोपाल सिंह एवं तेज सिंह खाती के खेतों में हाथियों का झुंड घुस आया। हाथियों ने दोनों किसानों की कई बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल रौंद डाली। इस बीच आवाज सुनकर गांव वाले जाग गए। उन्होंने वन विभाग को सूचित करने के साथ ही पटाखे दागे और शोर मचाया, बावजूद इसके हाथी काफी देर तक खेतों में डेरा जमाए रहे। इधर, सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। बमुश्किल हाथियों को भगाया गया। इसके बाद रात भर लोगों ने जागकर गुजारी। भयभीत ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों के आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग की है। इधर कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि वन्यजीवों के खतरे को देखते हुए पूर्णागिरि मार्ग पर रात के वक्त आवाजाही पर रोक लगाई गई है। वहीं एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने वन विभाग को पत्र लिखकर रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।