टनकपुर के प्रसिद्ध बाबा श्री ब्यानधूरा मंदिर में उत्तरायणी मेले की तैयारियां शुरू हो गई है। श्री ब्यानधूरा सेवा समिति ने बैठक आयोजित कर मेले की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। तय हुआ कि इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं दिलाई जाएंगी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त फोर्स की मांग की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग से भी शिविर लगाने का आग्रह किया जाएगा।
मकर संक्रांति यानि उत्तरायणी पर्व पर बाबा श्री ब्यानधूरा मंदिर में हर साल मेला लगता है। दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, लेकिन भीड़ के सापेक्ष मेले में प्रशासनिक तौर पर व्यवस्थाएं नहीं की जाती हैं। मंदिर सेवा समिति ही श्रद्धालुओं को अपने स्तर से सुविधाएं मुहैया कराती है। सोमवार को श्री ब्यानधूरा सेवा समिति की बैठक में प्रशासनिक स्तर पर भी व्यवस्थाएं मुहैया कराने की जरूरत बताई। कहा गया कि बाबा ब्यानधूरा मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। यहीं वजह है कि धार्मिक अवसरों पर लगने वाले मेलों में चंपावत के अलावा ऊधमसिंह नगर, नैनीताल आदि जिलों से भक्तों की भीड़ रहती है। समिति ने श्रद्धालुओं को पथप्रकाश, पेयजल आदि व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श कर तैयारी में जुटने का निर्णय लिया है। बैठक में समिति के अध्यक्ष पं. शंकर दत्त जोशी, महामंत्री जमन सिंह महरा, कोषाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, व्यवस्थापक पं. दयाकिशन जोशी, पुजारी मोहन चंद्र जोशी, ककनई ग्राम प्रधान मोहन सिंह, विशन सिंह, प्रेम सिंह बोहरा, शिवराज सिंह, पान सिंह, कैलाश गड़कोटी, धरम सिंह आदि थे।
श्री ब्यानधूरा मंदिर में उत्तरायणी मेले की तैयारियां शुरू
पुलिस से पर्याप्त फोर्स, स्वास्थ्य विभाग से शिविर लगाने का आग्रह