टनकपुर (चंपावत)। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर-बनबसा में शीत लहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सोमवार को सुबह से ही घना कोहरा, कड़ाके की ठंड रही। दोपहर के वक्त थोड़ी देर के लिए धूप खिली, लेकिन उस पर कोहरा भारी पड़ा। बाजार की रौनक पर भी ठंड के प्रकोप असर रहा। लोग घरों में अलाव सेककर ठंड बचाव करने को मजबूर हुए। नगर पालिका प्रशासन की ओर से शहर के करीब 24 स्थानों पर अलाव जलाए। इससे राहगीरों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन सर्द हवा चलने से लोग ठिठुरते नजर आए। इधर नववर्ष के स्वागत में मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद पर भी ठंड का प्रभाव साफ देखने को मिल रहा है। पिछले वर्षों तक नववर्ष की पूर्व संध्या, नववर्ष पर आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद नववर्ष के पहले पखवाड़े तक अच्छी खासी रहती थी। इधर पहाड़ में बर्फबारी से शारदा नदी का जलस्तर भी बेहद कम हो गया है।