टनकपुर (चंपावत)। उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होने के कारण मंगलवार को सुप्रसिद्घ पूर्णागिरि मेले में मात्र चार हजार ही श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की आवक कम होने से मेला क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। रोडवेज की बसों और ट्रेनों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम श्रद्धालु आए।
23 मार्च से शुरू हुआ मां पूर्णागिरि धाम का धार्मिक मेला आगामी 15 जून तक चलेगा। मेले में इस बार नवरात्रों में रिकार्ड श्रद्धालु देवी मां के दर्शन को पहुंचे। मैदानी क्षेत्र में फसल कटाई शुरू होने से इन दिनों कम श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लोकसभा के तीसरे चरण के चुनाव में उत्तराखंड की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश की विभिन्न सीटों पर मतदान मंगलवार को होने से देवी मां के भक्तों की आवक बेहद कम रही। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने फसल कटाई और चुनाव के कारण श्रद्धालु कम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के कम आने से पूर्णागिरि धाम क्षेत्र के साथ ही टनकपुर, बनबसा मेला क्षेत्र और पड़ोसी देश नेपाल के सीमांत बाजारों में भी रौनक गायब रही।
फोटो 23 टीएनपी 01 पी।
श्रद्धालुओं को नहीं मिल पा रही संचार सेवा
टनकपुर। मां पूर्णागिरि के दर्शन को दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालुओं को धाम क्षेत्र में दूर संचार सुविधा नहीं मिल पा रही है। बीएसएनएल ने मोबाइल टावर लगाया है। अक्सर खराब रहने से बीएसएनएल का यह टावर लोगों के लिए शोपीस बना हुआ है। इधर रिलायंस की जिओ मोबाइल कंपनी ने मां के धाम तक अपनी भूमिगत केबल बिछाने का काम पूरा लिया है, लेकिन भू-स्वामी से किराए की बात तय न होने से टावर लगाकर संचार सेवा शुरू करने का काम रुक गया है। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय का कहना है कि समिति यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने को प्रतिबद्ध है। जल्द ही किराए को लेकर गतिरोध दूर कर जियो की मोबाइल संचार सेवा को शुरू कराया जाएगा। ब्यूरो