चंपावत। जिले के विभिन्न बैंकों में नकदी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। बीते तीन दिनों से बैंकों में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है लेकिन मांग के अनुरूप धनराशि नहीं मिल पा रही है। बृहस्पतिवार को भी भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। कमोवेश यही हालात अन्य बैंक शाखाओं में भी देखने को मिला।
अधिकतर एटीएम के कैशलेस होने से उपभोक्ताओं को मायूसी का सामना करना पड़ा। बाजार में दो हजार और पांच सौ के नोट गायब होने से उपभोक्ताओं की दिक्कतों में इजाफा हो रहा है। जिला लीड बैंक अधिकारी आनंद सिंह रावत के अनुसार पूरे राज्य की यही स्थिति है। रिजर्व बैंक की ओर से सौ और दो सौ के नोट भेजे जा रहे हैं जो एटीएम में डालने के कुछ देर बाद ही खत्म हो जा रहे हैं।
आरबीआई से डिमांड के अनुरूप नहीं मिल रही नकदी
चंपावत। जिला लीड बैंक अधिकारी आनंद सिंह रावत का कहना है कि रिजर्व बैंक से बार-बार डिमांड किए जाने के बाद भी नकदी नहीं मिल पा रही है। जिस कारण बैंकों और उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।