चंपावत/लोहाघाट। राजकीय इंटर कॉलेज का सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के शिविर में छात्रों ने लटोली, शक्तिपुर और नगरगांव में सफाई अभियान चलाया।
पांचवें दिन बुधवार को कार्यक्रम अधिकारी चंद्र सिंह पुजारी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में शिविरार्थियों ने सफाई कार्य के अलावा पॉलीथिन थैलियों व बोतलों को एकत्र कर गड्ढों में दबाया।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रवक्ता आदित्य कुमार अवस्थी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, ध्यान-योग के महत्व की जानकारी भी दी गई। जीजीआईसी लोहाघाट के शिविर में शिविरार्थियों ने बागवानी के लिए क्यारियां तैयार की।
नीलम राय की अध्यक्षता और नीलम चंद के संचालन में हुए बौद्धिक सत्र में शिक्षक गणेश पुनेठा, संदीप कुमार, कैलाश मेहता, पुष्पा धौनी आदि ने विचार रखे। राईकोटमहर गांव में जीआईसी लोहाघाट के शिविर में छात्रों ने गंगनाथ मंदिर पसिर की सफाई की गई।
जीआईसी खेतीखान के शिविर में छात्रों ने योगाभ्यास करने के बाद स्वच्छता कार्य किया। इस दौरान हुई निबंध प्रतियोगिता में हिम्मत सिंह ने पहला, विनय कुमार ने दूसरा तथा मुकेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जीआईसी देवीधुरा का सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर शुभारंभ डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एएस उनियाल ने किया। कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्रनाथ गोस्वामी ने शिविर के दौरान किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।
बाराही देवी संस्कृत महाविद्यालय देवीधुरा के प्राचार्य भुवन चंद्र जोशी, अभिभावक संघ अध्यक्ष हयात सिंह बिष्ट, स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष कृष्ण राम, ग्राम प्रधान जानकी देवी ने विचार रखे।