चंपावत। गोरलचौड़ मैदान में स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में अंडर-14 मिनी गोरल कप क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में एबीसी अल्मामैटर और बाल विद्या मंदिर की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा।
बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनसाइन की टीम ने निर्धारित ओवरों में चार विकेट में 109 रन बनाए। जिसमें अजय ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। एबीसी के रितेश ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एबीसी की टीम ने तीन विकेट शेष रहते हुए मैच को अपने नाम पर लिया। एबीसी के रितेश ने 30 रन बनाए जबकि सनसाइन के मुकेश ने चार विकेट लिए।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बाल विद्या मंदिर ने मल्लिकार्जुन को पांच विकेट से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मल्लिकार्जुन की टीम केवल 58 रन ही बनाकर आउट हो गई। बाल विद्यामंदिर के गौरव ने चार विकेट लिए। जवाब में बाल विद्यामंदिर की टीम ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंपायर दीपक, ज्ञानेंद्र, करन और मोहित, स्कोरर अजय मंडल, मोहित थे। इस मौके पर सुनील गड़कोटी, महेंद्र बोहरा, प्रदीप बोहरा और मुन्ना राय सहित तमाम खेल प्रेमी मौजूद रहे।