चंपावत। लोहाघाट के बजरंगबली इलाके में खुली शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों का आंदोलन सातवें दिन में भी जारी रहा। बजरंगबली वार्ड के लोगों ने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में पहुंच कर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शराब की दुकान को हटाने की मांग की।
बजरंगबली वार्ड से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर मोहल्ले के लोग लोहाघाट में 6 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा पिछले महीने आश्वासन दिए जाने के बावजूद शराब की दुकान अब तक नहीं हट सकी है। थकहार कर बुधवार को उन्हें कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन करने वालों में प्रहलाद सिंह मेहता, प्रवीण रजा, गोविंद वर्मा, पूरन उप्रेती, गुलनाज, निस्सू खान, मेहनाज, राकेश बोहरा, जानकी देवी, बबीता, विनीता, पुष्पा, नंदा देवी, कमला साह, शोभा, बबली, तृप्ति आदि मौजूद थे। बाद उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया। डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने कहा कि आबकारी विभाग को दुकान को यहां से हटाने के लिए नई जगह तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं।