टनकपुर (चंपावत)। शारदा नदी में स्नान करते वक्त डूब रहे एक युवक को स्थानीय तैराक ने डूबने से बचा लिया। संयुक्त चिकित्सालय में इलाज के बाद युवक की हालत में सुधार आया। शहर के लालईमली पड़ाव वार्ड संख्या सात निवासी सागर (22) पुत्र देवेंद्र सिंह शुक्रवार को होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ शारदा नदी में स्नान कर रहा था।
इस बीच वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। सागर को डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया तो वहां मौजूद स्थानीय तैराक शारदा चुंगी कालोनी निवासी सूरज शर्मा ने उसे बचाने को नदी में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के साथ उसे डूबने से बचाया जा सका। 108 वाहन से उसे संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि हालत में सुधार के बाद युवक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।