बनबसा (चंपावत)। पाटनी तिराहे पर दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक और एक नेपाली युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे एक युवक को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। दुर्घटना का कारण एनएचएआई डिवाइडर पर बनी ऊंची रेलिंग को बताया जा रहा है।
नेपाल के झलारी निवासी हिम्मत सिंह बाइक (म 2 प 3205) पर देहरादून में पढ़ने वाले अपने भतीजे सुरेंद्र सिंह पुत्र वीर बहादुर को बनबसा बस अड्डे से लेकर नेपाल की ओर जा रहा था। इसी बीच कैनाल बेलबंद्धगोठ निवासी समीर अहमद पुत्र मुन्ना अहमद और हरीश शंकर बाइक (यूके 03/6625) पर फागपुर बैंक से घर लौट रहे थे। पाटनी तिराहे से जैसे ही उक्त दोनों बाइक सवार कैनाल मार्ग की ओर मुड़े तो उनकी बाइक आपस में भिड़ गई।
दुर्घटना में समीर अहमद, हरीश शंकर और नेपाल निवासी सुरेंद्र सिंह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां समीर अहमद को गंभीरावस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया है। एसआई मनोज रावत ने बताया कि समीर अहमद के सिर पर चोट है। हेलमेट सड़क पर गिरे पड़े थे और बाइक क्षतिग्रस्त हुई हैं। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि अभी किसी पक्ष की ओर से थाने में रिपोर्ट नहीं लिखाई गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने दोनों बाइकों को थाने में खड़ा कर दिया है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।