बनबसा (चंपावत)। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ने बनबसा व्यापार मंडल कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई है। उन्होंने चार अक्तूबर तक चुनाव कराने के साथ ही व्यापार मंडल के खाते और समस्त अभिलेख जमा कराने के निर्देश जारी दिए हैं।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री एवं चंपावत जिलाध्यक्ष शंकर लाल वर्मा ने बनबसा व्यापार मंडल अध्यक्ष और महामंत्री को भेजे पत्र में कार्यकारिणी भंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सदस्यता अभियान चलाकर चार अक्तूबर तक चुनाव कराने को भी कहा है। बिना जिला कार्यकारिणी की अनुमति के व्यापार मंडल कोष से पैसा निकालने पर भी रोक लगाई गई है। बता दें कि बनबसा व्यापार मंडल का कार्यकाल 6 अगस्त को समाप्त हो गया था, लेकिन अब तक चुनाव की घोषणा नहीं की गई।
हालांकि वर्तमान कार्यकारिणी नौ सितंबर तक अपना कार्यकाल बता रही थी। जिलाध्यक्ष का कहना है कि अब वो तिथि भी निकल गई है, इस कारण चुनाव आवश्यक हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उक्त कार्रवाई प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर की गई है। इस समय बनबसा में 576 व्यापारी संगठन में पंजीकृत हैं।