चंपावत। अमोड़ी के डोलकांडा में एनएच की परिसंपत्ति पर अतिक्रमण करने के आरोप की जांच पूरी हो गई है। जांच टीम ने निरीक्षण कर दो लोगों को 15 दिन के अंदर अवैध निर्माण खुद तोड़ने के निर्देश दिए। ऐसा न करने पर एनएच अवैध निर्माण को ढहाएगा। जांच टीम ने रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है।
एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि पिछले दिनों डोलकांडा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने कुछ स्थानीय लोगों पर एनएच की परिसंपत्ति पर अतिक्रमण करने की लिखित शिकायत की थी। इसके बाद एसडीएम ने एनएच, राजस्व विभाग की टीम गठित कर जमीन की नापजोख करने के आदेश दिए थे। उन्होंने बताया कि अमोड़ी के पास एनएच खंड की कुल ढाई नाली जमीन के साथ ही एक भवन बना है। जांच टीम में शामिल राजस्व उपनिरीक्षक शंकर वर्मा ने बताया कि एनएच की तीन मुठ्ठी जमीन पर शांति देवी पत्नी भूपेंद्र, खुशाल दत्त पुत्र धर्मानंद ने अतिक्रमण किया था। इस पर जांच टीम ने दोनों ही लोगों से 15 दिन के भीतर अवैध निर्माण तोड़ने के निर्देश दिए। जांच टीम का कहना था कि ऐसा न करने पर एनएच खुद अवैध निर्माण तोड़ेगा। साथ ही अवैध निर्माण तोड़ने पर आने वाले खर्च से संबंधित लोगों से वसूल किया जाएगा। टीम में एनएच के जेई बीसी जोशी, अमीन रामीराम, राजस्व उप निरीक्षक अमित सिंह सीपाल, छत्र सिंह बोहरा शामिल थे। जांच टीम का कहना है कि रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी गई है।
जांच टीम ने निरीक्षण कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी
एनएच की जमीन पर अवैध निर्माण का मामला