लोहाघाट (चंपावत)। सोबुकान तानाका सितोरियो कराटे डू की ओर से नगर में 10 दिनी समर कराटे कैंप शुरू हो गया है। प्रशिक्षण में विभिन्न स्थानों के 25 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। बुधवार को सोबुकान कराटे के उत्तराखंड चीफ, जिला कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मण बिष्ट ने कैंप का शुभारंभ किया।
काठमांडू नेपाल से विशेष रूप से बच्चों को कराटे की बारीकियां सिखाने पहुंचे मास्टर कोच हरि श्रेष्ठ, सम्राट महाराजन का कहना है कि क्षेत्र के बच्चों में काफी प्रतिभा है, बच्चों को उचित मार्गदर्शन मिलने पर देश, दुनिया में अपना नाम रोशन करने का दम रखते हैं। प्रथम दिन उन्होंने कराटे का बेसिक अभ्यास कराने के साथ काता कुमीते विधा के तहत किक, पंच, ब्लॉक, स्टांस की बारीकियां सिखाई। डिस्ट्रिक्ट कराटे एसोसिएशन के सचिव, लोहाघाट के कोच दीपक अधिकारी ने नेपाल से आए मास्टर कोचों का स्वागत किया। वहां आलोक जोशी, किरन फर्त्याल, दान सिंह करायत, राम सिंह बिष्ट, नवीन पांडेय, नवीन ओली, छत्तर सिंह ढेक आदि थे।
खेल निदेशालय प्रशिक्षण बंद कराने से निराशा
लोहाघाट (चंपावत)। एक ओर समर कराटे कैंप का आयोजन से खिलाड़ियों में उत्साह बना हुआ है, वहीं खेल निदेशालय की ओर से यहां कराटे का प्रशिक्षण बंद करने पर उन्हें निराश होना पड़ रहा है। कराटे एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बिष्ट, आलोक जोशी, रमेश मुरारी, कमल किशन पांडेय, पुष्पा चौबे आदि अभिभावकों का कहना है कि कराटे के क्षेत्र में लोहाघाट के बच्चों ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय मंचों में अपना दमदार प्रदर्शन कर कई मेडल झटके हैं। इसके बावजूद भी खेल निदेशालय बच्चों की प्रतिभा को निखारने के बजाय प्रशिक्षण शिविर बंद कर प्रतिभाओं को कुचलने का प्रयास कर रहा है।