लोहाघाट (चंपावत)। नर्सरी गधेरे में बनी पानी की टंकी को अराजक तत्व आए दिन तोड़ दे रहे हैं। इससे लोगों को जल संकट से जूझना पड़ रहा है। परेशान लोगों ने प्रशासन से इन अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश लोग सुबह-शाम नर्सरी गधेरे में बनी टंकी से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाते आ रहे हैं।
लोगों की ओर से कई बार इस टंकी में टोंटी लगाई जा चुकी है, लेकिन अराजक तत्व उसे तोड़कर फेंक देते हैं। जिससे रातभर सारा पानी बर्बाद हो जाता है। विजय माहरा, दीपक मुरारी, घनश्याम जोशी, अमित जुकरिया, दानू सुतेड़ी, ललित चौबे, हीरा देवी बसंत चौबे आदि का कहना है कि अराजक तत्वों द्वारा आए दिन टंकी और उसमें लगी टोंटी तोड़े जाने से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से इन अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल का कहना है कि इस मार्ग में समय-समय पर पुलिस गश्त कराई जाएगी। साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिस गश्त करेगी। उन्होंने कहा है कि यदि कोई असामाजिक तत्व इस प्रकार की हरकतें करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।