चंपावत। मौसम विभाग ने चार और पांच जुलाई को चंपावत के अलावा नैनीताल, पौड़ी, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, ऊधमसिंह नगर जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी टीएस मर्तोलिया ने एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी सहित सभी अफसरों को हाई एलर्ट में रहने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और एडीबी के अभियंताओं को मोटर मार्ग बाधित होने की दशा में आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करने और तत्काल मोटर मार्ग खुलवाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष 05965-230819, 05965-230703, 1077, 7895318895, 9917384226 और 7579093477 पर तत्काल सूचना देने को कहा है। इधर टनकपुर में भी आपदा प्रबंधन में तैनात टीम को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम दयानंद सरस्वती ने बताया कि चार से सात जुलाई तक भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए आईआरएस में नामित अधिकारियों को अलर्ट रहने, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोनिवि आदि विभागों को मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम को सूचित कर मार्ग खुलवाने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे अपने मोबाइल फोन खुले रखने, थाना और बाढ़ चौकियों को किसी भी घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है।