बनबसा (चंपावत)। राष्ट्रीय युवा वाहिनी की बैठक में कार्यकर्ताओं ने पूर्णागिरि धाम को ट्रस्ट बनाने की मांग उठाई। कहा गया कि ट्रस्ट बनने से जहां पूर्णागिरि धाम की व्यवस्थाओं में सुधार होगा वहीं तीर्थयात्रियों को भी लाभ पहुंचेगा। ट्रस्ट बनने से पुजारियों के अलावा सरकार को भी राजस्व प्राप्त होगा। इस संबंध में राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय युवा वाहिनी के बनबसा स्थित कैंप कार्यालय में वाहिनी के जिलाध्यक्ष अभिषेक गोयल की अध्यक्षता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट के संचालन में बैठक का आयोजन किया गया। वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी ने पूर्णागिरि धाम की व्यवस्थाऐं सुधारने को सरकार से ट्रस्ट बनाने की मांग उठाई। कहा गया कि पुजारियों के हितों की रक्षा कर शीघ्र ही पूर्णागिरि को ट्रस्ट का दर्जा दिया जाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब पूर्णागिरि धाम में बारह माह श्रद्धालु दर्शनों को आते हैं। मेलावधि संपन्न होने के बाद सरकारी व्यवस्थाएं थम जाती हैं। ट्रस्ट बनने पर धाम में व्यवस्थाऐं जुटाने का काम वर्ष भर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। जिससे मेला यात्रियों के साथ ट्रस्ट, पुजारियों और सरकार को लाभ पहुंचेगा। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने मध्यरात्रि के बाद से सुबह चार बजे तक हुड्डी नदी में कठुवापाती के पास होने वाले अवैध खनन पर रोक लगाने की भी मांग उठाई।
बैठक में प्रदेश महासचिव बृजमोहन प्रजापति, प्रदेश सचिव विजय रावत, दीप चंद्र जोशी, नीरज कापड़ी, नितेश कुमार, विवेकानंद, अनुराग चंद्र भट्ट, सागर भट्ट, धर्मेंद्र पाल, कमल कश्यप, माखन कश्यप आदि मौजूद रहे।