चंपावत। जिले के पाटी विकासखंड के मौनकांडा निवासी एक दिव्यांग ने जिलाधिकारी से मिलकर उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की गुहार लगाई है। मंगलवार को करीब 75 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंचे दिव्यांग मनोज सिंह लडवाल ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी उन्हें आज तक किसी भी प्रकार की आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
उन्होंने बताया कि वह आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई कर्मचारियों और अधिकारियों के चक्कर काट चुका है। लेकिन किसी ने भी गरीब की गुहार नहीं सुनी है। मनोज ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास सुविधा दिए जाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने दिव्यांग की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी पाटी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए ब्यूरो ।