चंपावत। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल के निर्देशानुसार पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वस्थ रखने एवं उनके मानसिक तनाव को कम करने के उद्देश्य से योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। सोमवार को पतंजलि योग समिति के जिला महामंत्री राजेंद्र प्रसाद गहतोड़ी ने पुलिस लाइन प्रांगण में पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय और कोतवाली के 51 अधिकारियों और कर्मचारियों को योगाभ्यास, प्राणायाम के बारे में जानकारी दी और अभ्यास कराया।
साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने जीवन में पुलिस की व्यस्ततम ड्यूटी में से समय निकालकर नियमित रूप से योगाभ्यास एवं प्राणायाम करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण में विपिन चंद्र पंत, भगवत सिंह राणा, अनुराग सिंह के अलावा पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय और कोतवाली चंपावत के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।