चंपावत। राजकीय महाविद्यालय के बीएससी द्वितीय और तृतीय वर्ष के सुधार परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी सामने आई है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि सभी विद्यार्थियों के अंक पहले के रिजल्ट जितने ही आए है। विवि की वेबसाइट पर सुधार परीक्षा के नहीं बल्कि पिछली परीक्षा का रिजल्ट अपलोड किया है। उन्होंने कुलपति को ज्ञापन भेजकर सुधार परीक्षा के परिणाम फिर से घोषित किए जाने की मांग उठाई है।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा का परिणाम पूर्व की भांति अपलोड है जिस कारण छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि विवि की इस प्रकार की गैरजिम्मेदारी उनके भविष्य पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने सुधार परीक्षा का परिणाम जल्द दोबारा घोषित न किए जाने पर उग्र आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है। प्रभारी प्राचार्य के माध्यम से ज्ञापन देने वालों में छात्र नेता अंकित खर्कवाल, प्रियंका पाटनी, काजल महरा, आशा भंडारी, प्रीति, गीता जोशी, अपूर्वा वर्मा, हेम जोशी, अंकित सिंह, दीपिका, दिव्या बिष्ट, यामिनी पांडेय, तनुजा, निकिता तड़ागी, रवि पटवा, तुलसी दत्त जोशी, सोनू देव आदि छात्र शामिल है।