चंपावत। नीलामी में एक भी आवेदन न आने से जिले में शराब की आठ दुकानों की नीलामी नहीं हो पाई है। इनमें विदेशी शराब की दो और देशी शराब की छह दुकानें शामिल है। इनकी नीलामी मार्च 2019 तक होनी थी। विभाग अब शासन के अगले निर्देशों का इंतजार कर रहा है। तब तक इन दुकानों की नीलामी दैनिक आधार पर की जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी प्रतिमन सिंह कन्याल ने बताया कि पहले दो चरणों की शराब नीलामी के दौरान छूट चुकी विदेशी टनकपुर व पाटी जबकि चंपावत, लोहाघाट, बनबसा, बाराकोट, भिंगराणा और पुल्ला की देशी दुकानों की नीलामी बुधवार को होनी थी। लेकिन इन दुकानों के लिए किसी भी शराब व्यवसायी ने आवेदन नहीं किया। जिस वजह से इन दुकानों की नीलामी नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया कि चौथे चरण की नीलामी शासन से मिलने वाले निर्देशों के बाद की जाएगी। आबकारी अधिकारी ने बताया कि शासन से अगले निर्देश मिलने तक इन दुकानों की नीलामी दैनिक आधार पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि मार्च 2019 तक के लिए देशी मदिरा की दुकान चल्थी, टनकपुर नंबर एक और दो जबकि चंपावत, बनबसा, लोहाघाट, देवीधुरा और बृजनगर की विदेशी शराब की दुकानों की नीलामी पहले ही हो चुकी है।