लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट विकासखंड के किमतोली-कोटबसान मोटर मार्ग में बृहस्पतिवार रात 9:30 बजे हुई ऑल्टो कार दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के जिला मजिस्ट्रेट सुरेंद्र नारायण पांडेय ने आदेश दिए हैं। जांच लोहाघाट के एसडीएम आरसी गौतम करेंगे।
किमतोली से बसान की ओर जा रही कार संख्या (यूके 03टीए/1094) 13 दिसंबर की रात को छनखोला के पास अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। दुर्घटना में कार सवार दोनों लोगों की मौत हो गई थी। जांच अधिकारी एसडीएम आरसी गौतम ने घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी रखने वाले व्यक्तियों से 26 दिसंबर तक किसी भी कार्य दिवस को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक लिखित या मौखिक रूप से बयान लोहाघाट स्थित कार्यालय में दर्ज कराने को कहा है।