लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड लोहाघाट में किमतोली थाने के समीप जंगलों में सोमवार रात भीषण आग लग गई। करीब 500 मीटर वन क्षेत्र आग की चपेट में आ गया। लोहाघाट से पहुंची फायर यूनिट की ओर से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सोमवार रात करीब 9.30 बजे लोहाघाट फायर स्टेशन में किमतोली थाने के पास जंगलों में आग लगने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन मोहन सिंह थापा के नेतृत्व में फायर सर्विस कर्मी करीब 12 किमी. दूर घटना स्थल पर पहुंच गए। थापा ने बताया कि चीड़ के जंगल में लगी आग तेजी से आबादी की ओर बढ़ रही थी। आग ने करीब 500 मीटर वन क्षेत्र अपनी चपेट में ले लिया था। उन्होंने बताया कि फायर टीम द्वारा करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर टीम में ड्राइवर मुकेश सिंह, फायरमैन भरत सिंह, प्रमोद कुमार शामिल थे।
क्रांतेश्वर और छीड़ापानी जंगल में चार हेक्टेयर में लगी आग
चंपावत। जिला मुख्यालय के समीप छीड़ापानी और क्रांतेश्वर जंगल में आग लगने से चार हेक्टेयर जंगल जलकर राख हो गया। वन विभाग और ग्रामीणों की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। जिले के सीमांत क्षेत्र तामली के जंगलों में बीते एक सप्ताह से आग लगी है लेकिन चीड़ के जंगलों में आग होने से वन विभाग के कर्मचारियों को आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
छीड़ापानी जंगल में वन बीट अधिकारी प्रकाश गोस्वामी ने फायर वॉचर, वन श्रमिक और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। क्रांतेश्वर में जगत सिंह और फायर वॉचरों के माध्यम से आग को बुझाया गया। तिलोमनी, बलदेव, चंद्रमणी जोशी, फायर वॉचर भवानी दत्त और ग्रामीणों ने आग बुझाने में सहयोग किया।