लोहाघाट (चंपावत)। डाकघर में इंटरनेट की खराबी के चलते 50 घंटों तक कामकाज पूरी तरह ठप रहा। इस वजह से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक दिक्कतें उन लोगों को उठानी पड़ी, जिनके परिवार में विवाह समारोह था। नगदी नहीं मिलने से उन्हें भटकना पड़ा। इंटरनेट की खराबी के चलते करीब डेढ़ करोड़ रुपये का काम प्रभावित हुआ। अलबत्ता पूरे 50 घंटे बाद बुधवार ढाई बजे डाक सेवाएं सुचारु हो सकी।
सोमवार को अपराह्न करीब 12.30 बजे डाकघर के इंटरनेट में खराबी आने के कारण सारा कामकाम ठप हो गया था। इंटरनेट सेवा ठप होने से डाक सेवाओं के वितरण में अड़चन आई। साथ ही जमा -निकासी, किसान बचत पत्र, आवर्ती जमा, ईपीएफ, सुकन्या समृद्धि योजनाओं के काम ठप हो गए। रजिस्ट्री के काम पर इसका असर नहीं पड़ा। राम सिंह, जगदीश प्रसाद, गीता देवी, लीलावती टम्टा, आशा शर्मा, भुवनेश पांडेय, जनार्दन जोशी आदि का कहना है कि वे सोमवार से डाकघर के चक्कर काटते थक चुके हैं, डाक कर्मियों द्वारा इंटरनेट नहीं चलने की बात कही गई। रकम नहीं मिलने से उनके कई जरूरी कार्य अटक गए हैं।
कोट
दो दिनों में करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन प्रभावित रहा। बीएसएनएल की लाइन में खराबी के कारण इंटरनेट सेवा गड़बड़ाई थी। बुधवार शाम करीब ढाई बजे बीएसएनएल कर्मियों द्वारा लाइन बदली गई, जिससे इंटरनेट सेवा चालू हो गई। -मिथिलेश बोहरा, प्रभारी पोस्ट मास्टर, डाकघर, लोहाघाट।