चंपावत। जिला मुख्यालय में छोटे बैंकों में नकदी का संकट गहरा गया है, जिस कारण छोटे बैंक अपने ग्राहकों को पैसा नहीं दे पा रहे हैं। रुपये न होने के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सहकारी बैंक, ग्रामीण बैंक, यूनियन बैंक, नैनीताल, कूर्मांचल बैंक आदि अपने ग्राहकों को बड़ी रकम का भुगतान नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को जिला सहकारी बैंक में नकदी की कमी के चलते कई ग्राहकों को खाली हाथ लौटना पड़ा। सहकारी बैंक प्रबंधक गजेंद्र राणा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एसबीआई की चेस्ट से भुगतान नहीं हो पाया है।
इसके कारण बैंक में नकदी की कमी हो गई है। कहा कि फिलहाल बड़े भुगतान करने पर रोक लगाई गई है। एसबीआई के मुख्य शाखा प्रबंधक एनआर जौहरी ने बताया कि बीते दिनों बैंक में नकदी की कमी थी, लेकिन अब समस्या का समाधान हो चुका है। जल्द ही अन्य बैंकों को पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराई जाएगी। उधर जिला मुख्यालय में लगी एसबीआई की एकमात्र कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) बीते एक पखवाड़े से शो पीस बनी हुई है।