टनकपुर (चंपावत)। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर-बनबसा में सब राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू हो गया है। अभियान के अंतर्गत रविवार को बूथ दिवस पर हजारों बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण दवा पिलाई गई।
संयुक्त चिकित्सालय बूथ में नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने शिशु को पोलियो प्रतिरक्षण दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत टनकपुर व बनबसा क्षेत्र में 12816 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य तय है। इसके लिए 40 स्थायी बूथों के अलावा 38 ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं। पहले दिन 45 फीसदी बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण दवा पिलाई गई। उन्होंने बताया कि घर-घर अभियान के लिए 20 टीमें गठित की गई है। अभियान की निगरानी के लिए 19 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इस मौके पर एएनएम आशावती पाल, फार्मेसिस्ट जेएस कुंवर, स्टाफ नर्स तारावती निषाद, लक्ष्मी पोखरिया, प्रतिभा कार्की, अनीता अधिकारी आदि मौजूद थे।