टनकपुर (चंपावत)। रिलायंस की जिओ मोबाइल कंपनी केबल बिछाने के दौरान पेयजल लाइनें के क्षतिग्रस्त होने से जगह-जगह पानी की समस्या गहरा रही है। लाइन क्षतिग्रस्त होने से कोतवाली परिसर में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति ठप है। जिसके चलते पुलिस कर्मी और उनके परिजनों को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है।
रिलायंस की जिओ मोबाइल कंपनी की कार्यदायी एजेंसी इन दिनों क्षेत्र में मशीनों के माध्यम से केबल बिछाने का काम कर रही है। केबल बिछाते समय मशीन की चपेट में आने से पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो रहीं हैं। जिसके चलते लोगों को जगह-जगह पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों शहर के वार्ड संख्या दो चंद कालोनी में भी लाइन टूटने से लोगों को कई दिनों तक पानी की समस्या से जूझना पड़ा। जल संस्थान को कालोनी में टैंकर से जलापूर्ति करनी पड़ी थी। इधर तीन दिन पूर्व कोतवाली परिसर की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से समूचे परिसर में पानी का संकट बना हुआ है। जल संस्थान के जेई बीएस कुवार्बी का कहना है कि लाइन के क्षतिग्रस्त हिस्से का पता लगाया जा रहा है। पता चलते ही लाइन ठीक कर जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।