चंपावत। सीमावर्ती पोथ ग्राम पंचायत में निगाली गांव के लिए बनने वाली पेयजल योजना पर्याप्त रकम नहीं मिलने से शुरू नहीं हो पा रही है। इस योजना के लिए स्वीकृत धनराशि को अपर्याप्त होने के चलते वापस भी कर दिया गया है। योजना के लिए सात लाख रुपये मिले थे, जबकि इसके निर्माण में करीब 15 लाख रुपये की जरूरत बताई गई।
जिला मुख्यालय से करीब 53 किलोमीटर दूर निगाली गांव में 20 परिवारों की करीब 105 आबादी निवास करती है। मगर यहां पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। ग्रामीण 400 मीटर से डेढ़ किलोमीटर दूर से इक्के-दुक्के नौले और गधेरों से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए 2017-18 में सीमावर्ती क्षेत्र विकास कार्यक्रम (बीएडीपी) के अंतर्गत निगाली पेयजल योजना को स्वीकृत करते हुए सात लाख रुपये मंजूर किए गए। मगर निगाली सोलर पंपिंग योजना के लिए ये राशि अपर्याप्त थी। जल निगम के सहायक अभियंता आरके गुप्ता का कहना है कि सात लाख रुपये से योजना बनना संभव नहीं था। इसके चलते इस रकम को निगम ने वापस कर दिया है। ै।