टनकपुर (चंपावत)। पड़ोसी देश नेपाल के साथ दोस्ताना संबंधों को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत टनकपुर बैराज से भारत-नेपाल सीसी मार्ग का निर्माण शुरू हो गया है। कार्यदायी ठेकेदार कंपनी आरजीबी ने बारहमासी सड़क के डंपिंग जोन में एकत्र मलबा डालकर सड़क में भरान कार्य शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मई में नेपाल दौरे से ठीक दो दिन पहले शासन ने टनकपुर बैराज से नेपाल के सीमांत ब्रह्मदेव कस्बे तक 5.84 करोड़ रुपये की लागत से 1.3 किमी सीसी मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दी थी। सड़क बनाने को वन भूमि हस्तांतरण से लेकर अन्य सभी कार्रवाई 24 घंटे के अंदर पूरी कर ली गई और पिछले माह निर्माण का ठेका कार्यदायी ठेकेदार कंपनी आरजीबी को आवंटित कर दिया गया।
कार्यदायी विभाग परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) की देखरेख में शुक्रवार से सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल ने बताया कि सड़क में भराव के लिए ठेकेदार कंपनी को बारहमासी सड़क के डंपिंग जोन में एकत्र मलबा डालने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा भरान के लिए बाटनागाड़ से मलबा उठाने की अनुमति के लिए कार्यवाही चल रही है।