लोहाघाट (चंपावत)। गुमदेश के प्रसिद्ध चैतोला मेले की तैयारियां जोरशोर से शुरू हो गई हैं। इस मेले में इलाके के एक दर्जन ग्राम पंचायत के हजारों लोग शिरकत करते हैं। मेले को भव्य रूप देने के लिए युवाओं की अलग-अलग टीमें गठित की गई है। ये टीमें मेले के दौरान व्यवस्थाओं को अंजाम देंगे। मेले को लेकर क्षेत्र के प्रसिद्ध चमू देवता के मंदिर को रंग-रोहन से चमकाया जा रहा है। मेले की व्यवस्थाओं के लिए शुक्रवार को समिति के सदस्य जिला स्तरीय अधिकारियों से भेंट करेंगे।
मेला समिति के अध्यक्ष शंकर दत्त पांडेय, पूर्व अध्यक्ष कुंवर सिंह प्रथोली, खीमराज धौनी के दिशा-निर्देशन में युवाओं की अलग-अलग टीमें विशेष स्वच्छता अभियान संचालित कर रही है। मंदिर को रंग-रोगन से चमकाने के साथ सजावट और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। अध्यक्ष पांडेय ने बताया कि प्रथम नवरात्र से ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो जाएगा। जबकि 25 मार्च से लेकर 27 मार्च तक यहां मेला आयोजित होगा। इस दौरान चमू देवता की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। मेले की व्यवस्थाओं में विकास सिंह, विनोद सिंह, जोगा सिंह धौनी चतुर सिंह आचार्य, राकेश गिरी, देव पुजारी, कल्याण सिंह आदि जुटे हुए हैं।