चंपावत। जिला मुख्यालय के मल्लाड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बिजली की सुविधा नहीं होने से श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में क्षेत्र के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री सहित अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर मल्लाड़ेश्वर महादेव परिसर में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारह गांवों के बीच स्थित शिवालय सल्ला, सिमल्टा, कांडा, कठाड़, फूंगर, जायड़ा, बर्दोली, मैटी, बलानीबुंगा, सिलिंगटाक, लिस्ता, लटोली, कमैला आदि गांवों के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मगर न तो पर्यटन विभाग और न ही जिला प्रशासन ने इस स्थल के विकास के लिए ठोस कदम उठाए हैं। महज चार पोल लगाकर मंदिर तक बिजली पहुंचाई जा सकती है।
मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी पर ही बिजली का पोल है, लेकिन कोई भी पौराणिक महत्व वाले इस मंदिर की इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। वहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य फणींद्र कुमार पांडेय, शक्तिपुरबुंगा की ग्राम प्रधान पुष्पा जोशी, सिमल्टा की ग्राम प्रधान भुवनेश्वरी देवी, चौकी की प्रधान कमला बोहरा, बीडीसी सदस्य सुनीता देवी, हेमा देवी आदि ग्रामीण मौजूद थे।