लोहाघाट (चंपावत)। लोनिवि के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का भुगतान न होने पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आक्रोश जताया है। परिषद ने जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश जोशी के नेतृत्व में लोनिवि के ईई, अधीक्षण अभियंता और डीएम को ज्ञापन भेजकर एक हफ्ते में भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड बनने के बाद कर्मचारियों के प्रति अधिकारियों की प्रवृतियों में कोई बदलाव नहीं आया है। कहा गया कि अधिशासी अभियंता लोनिवि लोहाघाट की ओर से देवी दत्त का जीआईएस और जोगा सिंह, लक्ष्मण सिंह की पेंशन का भुगतान अभी तक नहीं किया गया। कुछ कर्मियों का चिकित्सा अवकाश का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
कई बार आश्वासन देने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। जबकि शासनादेश के बाद कर्मचारियों और शिक्षकों का सेवानिवृत्ति के एक माह के बाद ही भुगतान आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर सभी देयकों का भुगतान नहीं किया गया तो आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। वहां एमएस जीना, चंदन सिंह, हरीश गहतोड़ी, पुष्कर सिंह बोहरा, उमेद राम, चिंतामणी, होशियार सिंह, लीलाधर, नारायण सिंह,महिपाल सिंह, हीरोमणी, बलदेव आदि मौजूद रहे। इधर लोनिवि के ईई बीसी पंत का कहना है कि कर्मचारियों के पेंशन आदि के भुगतान के लिए ट्रेजरी को भेजे गए प्रपत्रों में आपत्तियां लगने होने के कारण भुगतान में देरी हो रही है। प्रपत्रों में लगी आपत्तियों का निस्तारण कर भुगतान के लिए ट्रेजरी को भेज दिए हैं।