बनबसा (चंपावत)। छात्रा के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार को विभिन्न छात्र संगठनों ने नेपाल के महेंद्रनगर में शिक्षण संस्थान बंद कराए। मंगलवार को भी संपूर्ण महेंद्रनगर बंद रखने का एलान किया गया है। हालांकि सोमवार को भारत-नेपाल के बीच आवागमन सुचारु रहा लेकिन सीमा पर स्थित भारतीय सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस सतर्क रही।
नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर में 27 जुलाई को एक छात्रा की दुराचार के बाद हत्या कर दी गई थी। तब से अब तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे नाराज छात्र संगठनों ने सोमवार को महेंद्रनगर के शिक्षण संस्थान बंद करा दिए। मंगलवार को नेपाल के छात्र संगठनों ने महेंद्रनगर बंद रखने का एलान किया है। इसके मद्देनजर भारतीय प्रशासन ने सीमा पर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। सीओ आरएस रौतेला ने कहा कि मंगलवार को नेपाल बंद होने पर सुरक्षा के तहत भारतीय नागरिकों और वाहनों को नेपाल जाने से रोका जाएगा। बैराज पुलिस को सीमा पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।