बनबसा (चंपावत)। एलायंस क्लब के उत्तरायणी मैत्री मेले के दूसरे दिन भी भीड़ उमड़ी। अल्मोड़ा के संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। दूसरे दिन मेले के मुख्य अतिथि टनकपुर के प्रमुख व्यवसायी भुवन सिंह कठायत उर्फ भग्गू थे।
एलायंस उत्तरायणी मैत्री मेले के दूसरे दिन अल्मोड़ा से आए कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रसिद्ध कुमाऊंनी गायक स्व. गोपाल बाबू गोस्वामी के सुपुत्र अमित गोस्वामी, पवनदीप राजन की छोटी बहन बेबी ज्योति राजन, महिपाल सिंह मेहता, कोनी पाठक ने शानदार कुमाऊंनी, गढ़वाली गीतों से समा बांध दिया। शिव वंदना, नृत्यों पर दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम में कल्याण सिंह बोरा ने बांसुरी, कमलेश कुमार ने ढोलक, मुकेश जोशी ने तबला, सुरेश राजन ने सैंथसाइजर पर संगत दी। नीरज सिंह पांगती ने संचालन किया। दर्शकों ने मेले में लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। महिलाओं ने शृंगार सामग्रियों की खरीदारी की। बच्चों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। क्लब अध्यक्ष अरुण सोराड़ी, सचिव राज सिंह भदौरिया, कोषाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेला चेयरमैन कैप्टन हरीश कापड़ी, व्यवस्थापक उम्मेद सिंह नेगी, पवन मित्तल, हेमेंद्र सिंह रावत, डॉ. जनक चंद, नवीन भट्ट, थानाध्यक्ष मनीष खत्री, एलआईयू के हरीश कन्याल आदि थे।