चंपावत। अस्थायी चौकीदारों ने जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजकर पांच माह से रुके मानदेय के भुगतान की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि एक तो उन्हें दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है, वह भी पांच-पांच माह तक नहीं मिलता, इस कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नवंबर 2015 में मानदेय बढ़ोतरी का शासनादेश जारी होने के बाद भी उन्हें अब तक लाभ नहीं मिल सका है। उन्होंने पांच माह के रुके मानदेय के साथ ही मानदेय बढ़ोतरी के शासनादेश का अनुपालन करने की मांग उठाई है। जीएम को ज्ञापन भेजने वालों में टीका राम, गोविंद बल्लभ, जगदीश सिंह, हयात सिंह, अंबादत्त भट्ट, नारायण सिंह, नारायण राम, मदन सिंह आदि शामिल रहे।